जाहू(हमीरपुर)। मेवा बमसन लगवालती पेयजल योजना से पानी न आने से जाहू के ग्रामीणों को पेयजल संकट की समस्या से जूझना पड़ रहा है। 27 दिनों से पानी न आने के कारण पंचायत के वार्ड सात से लेकर जाहू बाजार तक करीब तीन सौ घरों के नल सूखे पड़े हैं। भोरंज उपमंडल की जाहू पंचायत के करीब तीन सौ नलों को जाहू पेयजल योजना एक से पानी की सप्लाई दी जाती है, लेकिन योजना का कुआं सूखने की वजह से नलों में पानी नहीं आ रहा है। हालांकि लाखों रुपये खर्च करके सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने कांगुघट्टी में बने टैंक से जाहू बाजार तक पाइप लाइन बिछाई है। इससे पंचायत के वार्ड नंबर सात और जाहू बाजार तक पानी की सप्लाई तीसरे दिन मिलती थी, लेकिन यह भी 27 दिनों से बंद हो गई है। इससे क्षेत्र के सभी नल सूखे पड़े हैं।
वार्ड नंबर सात में लगे हैंडपंपों का पानी भी पीने योग्य नहीं है। हैंडपंपों में मिट्टीयुक्त पानी आने से इसे पशु भी नहीं पी रहे हैं। इससे क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण हर तीसरे दिन पानी का टैंकर मंगवाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण नलों में पानी न आने बारे विभागीय अधिकारियों को बार-बार अवगत करवा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर विभाग ने समस्या का समाधान जल्द नहीं किया तो वे प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। जाहू पंचायत प्रधान राजू का कहना है कि वार्ड नंबर सात से लेकर जाहू बाजार तक सभी नल सूखे पड़े हैं। पेयजल समस्या को सुनने के लिए अब अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पानी की सप्लाई बहाल नहीं की तो पंचायत ग्रामीणों के साथ चक्का जाम करेगी।