हमीरपुर। जिला के 294 मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों को मोल्डेड फर्नीचर मिलेगा। जिला में कुल 1344 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनमें से 294 केंद्रों के पास ही खुद के भवन एवं जमीन है। अपने भवन और जमीन वाले केंद्र ही मॉडल केंद्र हैं। ऐसे केंद्रों को विभाग द्वारा टेबल, कुर्सियां, वॉशवेशन, डस्टबिन, स्लाइड एंड स्विंग झूले, कार्यकर्ताओं को एप्रिन, दस्ताने और टोपियां दी जाएंगी। जिला बाल विकास अधिकारी कार्यालय के पास इन वस्तुओं की खेप पहुंच गई है। जल्द ही विभाग जिला के सभी सीडीपीओ कार्यालयों के माध्यम से इस सामान को विभिन्न मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित करेगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को हर सुविधा प्रदान करने के लिए विभाग अग्रसर है। जिला के 294 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खिलौने और झूले मिलने से अभिभावकों की आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति रुचि बढ़ेगी। वहीं कार्यकर्ताओं को दस्ताने और टोपियां मिलने से केंद्रों की रसोई में सफाई रहेगी। विभाग जल्द ही इस सामान को जिला के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों को वितरित करेगा। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी टीआर आचार्य का कहना है कि जिला के 294 मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों को विभाग की तरफ से मोल्डेड फर्नीचर, झूले, खिलौने और रसोई का अन्य सामान मिलेगा। जिला कार्यालय के पास इसकी खेप पहुंच चुकी है। जल्द ही सीडीपीओ के माध्यम से सभी केंद्रों में यह सामान वितरित कर दिया जाएगा।