बिझड़ी के बाड़ा बाजार में धंसी सड़क
वाहन चालकों को हो रही परेशानी
दुर्घटना होने का बना रहता है डर
मार्ग किनारे डंगा लगाने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत बिझड़ी घोड़ीधबीरी सड़क पर बाड़ा बाजार में सड़क के एक किनारे का हिस्सा धंस गया है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि इस सड़क को क्षतिग्रस्त हुए छह महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन विभाग ने इस सड़क पर डंगा लगाना उचित नहीं समझा। सड़क का एक किनारा धंस जाने से यहां पर हर समय दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। जबकि, यह सड़क जगह-जगह से भी उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सड़क पर सैकड़ों वाहनों की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों प्रताप सिंह, अशोक कुमार, श्रवण सिंह, जगजीत, शक्ति चंद, संजीव कुमार, राजेश कुमार सहित अन्य लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस स्थान पर डंगा लगाकर समस्या का समाधान किया जाए। लोगों का कहना है कि अगर सड़क पर कोई घटना होती है तो ऐसे में इसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग बड़सर सहायक अभियंता अरविंद लखनपाल का कहना है कि समस्या विभाग के ध्यानार्थ है। उन्होंने कहा कि शीघ्र डंगा लगाकर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।