सुजानपुर (हमीरपुर)।
बिजली उपमंडल सुजानपुर के तहत बुधवार को बिल की अदायगी करने के बावजूद बिजली बोर्ड के कर्मचारी वृद्ध महिला के घर का कनेक्शन काट गए। बिजली कनेक्शन काटने पर बोर्ड के अधिकारियों की कार्यप्रणाली कटघरे में है। इलाके में इस मामले की खूब चर्चा हो रही है।
बिजली उपमंडल के अधिकारियों की ओर से डिफॉल्टरों के कनेक्शन काटने की मुहिम चलाई गई है। इसके तहत बोर्ड ने बुधवार को डेढ़ दर्जन के करीब डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काटे दिए। आनन-फानन में कर्मचारियों ने बिजली बिल का भुगतान करने वाली एक महिला का कनेक्शन भी काट दिया। बोर्ड की ओर से कनेक्शन काटने की चलाई मुहिम के कारण उपमंडल के डिफाल्टरों में हड़कंप मच गया है। बिजली उपमंडल सुजानपुर के चार अनुभाग हैं।
इनमें सुजानपुर, चबूतरा, पटलांदर और जंगलबैरी शामिल हैं। इन चारों अनुभागों में बिजली उपमंडल सुजानपुर के 150 डिफाल्टरों के पास करीब पांच लाख रुपये बिजली बिलों के पेंडिंग हैं। हालांकि बुधवार को कनेक्शन काटने के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने बिजली बिलों को जमा करवा दिया। इससे बोर्ड ने 48 हजार रुपये की राशि वसूल की है। बिजली उपमंडल के अंतर्गत बोर्ड ने कनेक्शन काटने का सिलसिला शुरू कर दिया है। सहायक अभियंता हेमराज का कहना है कि बुधवार को बोर्ड ने डेढ़ दर्जन कनेक्शन काटे। इससे करीब 48 हजार रुपये एकत्रित किए गए हैं। महिला का कनेक्शन कर्मचारियों द्वारा जोड़ दिया गया है।