हमीरपुर। ग्राम पंचायत धरोग के कैहड़रू गांव में करीब 100 साल पुराने रास्ते को बंद करने का मामला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सुलझ गया है। तहसीलदार हमीरपुर नरेश कुमार ने शनिवार देर शाम मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता करवाया और रास्ता खुलवा दिया।
इससे पांच गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने एक निजी स्कूल के संचालक पर पुराने रास्ते को बंद करने का आरोप लगाया था। रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर आदर्श जन विकास सेवा समिति कैहड़रू के सदस्यों ने 28 अक्तूबर को एसडीएम हमीरपुर को ज्ञापन सौंपा था।
मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने तहसीलदार को मौके पर भेजा। राजस्व विभाग की जांच और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद रास्ता खुलवा दिया गया। यह रास्ता पांच गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है।
ग्रामीण इसी रास्ते से पंचायत कार्यालय, पशु औषधालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आते-जाते हैं। रास्ता बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
रास्ता खुलने पर आदर्श जन विकास सेवा समिति के प्रधान विक्रम चंद, उपप्रधान सुभाष चंद, अशोक कुमार, रविदत्त शर्मा, रवि शाह, विधि चंद और सचिव दलीप चंद ने प्रशासन का आभार जताया।
कोट
शिकायत के बाद मामले की राजस्व विभाग से जांच करवाई गई थी। तहसीलदार ने मौके पर दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता करवाकर रास्ता खुलवा दिया है।
-संजीत सिंह, एसडीएम हमीरपुर