हमीरपुर। ग्राम पंचायत भलवानी के 100 जरूरतमंद परिवारों को जल्द ही पक्के और सुरक्षित मकानों की सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों के दस्तावेज मंजूर हो गए हैं।
अब प्रत्येक लाभार्थी को मकान निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह सुविधा उन परिवारों को मिलेगी, जिनके पास रहने के लिए पक्का घर नहीं था या बरसात के कारण उनके कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे।
ऐसे परिवार लंबे समय से कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने को मजबूर थे। समस्या को देखते हुए लाभार्थियों ने पंचायत कार्यालय में मकान निर्माण के लिए आवेदन किया था।
करीब एक वर्ष की प्रक्रिया के बाद अब 100 पात्र परिवारों का चयन किया गया है। पिछले वर्ष पंचायत द्वारा 104 घरों का सर्वे किया गया था, जिसके आधार पर पात्र लोगों को योजना का लाभ दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को 1.50 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराती है, ताकि गरीब और जरूरतमंद परिवार अपने पक्के आशियाने का निर्माण कर सकें। इसके अलावा मनरेगा के तहत निर्माण कार्य के लिए 30 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।
कोट
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंचायत में 100 परिवारों का चयन हुआ है। चुनावों के बाद निर्माण के लिए पहली किस्त जारी होगी, जिससे पात्र परिवार निर्माण करवा सकेंगे।
-कुलवंत, खंड विकास अधिकारी भोरंज