विकास खंड भोरंज में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन सोमवार का किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त हमीरपुर मदन चौहान ने की।
उन्होंने इस दौरान बेटी है अनमोल योजना के तहत 11 बेटियों को 10-10 हजार रुपये की एफडी और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 10 पात्र परिवारों को 40-40 हजार रुपये की सहायता राशि दी।
उन्होंने लिंगानुपात में बेहतर कार्य के लिए किए प्रयासों के लिए ग्राम पंचायत पट्टा, भलवाणी, कक्कड़, भुक्कड़, बडैहर, कड़ोहता, झरलोग और अग्घार पंचायतों को सम्मानित किया। वहीं कराह और लुद्दर पंचायतों में लिंगानुपात में समानता लाने के लिए प्रयास करने को कहा।
उन्होंने कहा कि भावी समाज की नींव बेटियां के संरक्षण के लिए पंचायती राज संस्थाओं के सदस्यों को अहम योगदान देना चाहिए। उन्होंने पीआरआई सदस्यों से कहा कि पंचायती राज में विकास के लिए अनेकों शक्तियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि सदस्यों को उन्हीं विकास के कार्य में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को जोड़ कर अपनी-अपनी पंचायतों में बेटियों के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करें और कन्या भ्रूण हत्या को मूल रूप से समाप्त कर बेटियों को बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. कालिया, सीडीपीओ घुमारवीं कौशल्या और सीडीपीओ टौणी देवी कल्याण सिंह ठाकुर आदि उपस्थित रहे।