पूर्व विधायक होशियार सिंह ने देहरा विधानसभा उपचुनाव को लेकर राज्यपाल को शिकायत पत्र भेजकर सीबीआई या अन्य निष्पक्ष जांच एजेंसी से जांच करवाने की मांग की है। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में उचित कार्रवाई करने का अनुरोध कर स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर को छह साल के लिए कोई भी चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित करने की मांग भी की है। इसके अलावा केसीसी बैंक और जिला कल्याण विभाग की भूमिका की भी जांच की मांग की गई है।
होशियार सिंह ने शिकायत पत्र के माध्यम से आरोप लगाया है कि 10 जुलाई, 2024 को देहरा विधानसभा के उपचुनाव में जीत के लिए सरकारी मशीनरी का जानबूझकर दुरुपयोग किया गया। देहरा उपचुनाव में अनुचित और गैरकानूनी तरीकों को अपना कर जीत हासिल की गई है। होशियार सिंह ने राज्यपाल को भेजी शिकायत में लिखा है कि आचार संहिता के दौरान कांगड़ा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक और जिला कल्याण विभाग के जरिये करोड़ों रुपये बांटे गए थे।