हिमाचल के राशन डिपुओं में जल्द लगेंगी नई हाईटेक बायोमीट्रिक मशीनें।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
प्रदेश के सरकारी राशन डिपुओं में उपभोक्ताओं को जल्द ही नई डिजिटल मशीनों के माध्यम से राशन लेने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से टेंडर किया जा रहा है। विभाग और कंपनी की टेस्टिंग के बाद संबंधित कंपनी को टेंडर अवॉर्ड किया जाएगा।
इसके बाद विभाग की ओर से प्रदेशभर में इस महीने के अंत तक हाईटेक बायोमीट्रिक मशीनों को इंस्टॉल करने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेशभर सस्ते राशन की दुकानों से 19.5 लाख के करीब उपभोक्ताओं को राशन वितरण करने के लिए विभाग की ओर से 5500 राशन दुकानें स्थापित की गई हैं। विभाग की ओर से प्रदेश के सभी डिपुओं में नई डिजिटल मशीनें लगाई जानी हैं।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक कुमुद सिंह ने कहा कि कंपनी के साथ नई पॉश मशीनों की टेस्टिंग की जा रही है। टेस्टिंग सफल होने के बाद कंपनी को टेंडर अवॉर्ड किया जाएगा। इसके बाद लगभग 5500 डिपुओं में हाईटेक मशीनें लगाई जाएंगी।
मशीन में ये मिलेगी सुविधा: नई मशीन में राशन का वजन मापने की सुविधा मशीन में एकीकृत होगी, चेहरे, अंगुलियों के निशान और ओटीपी से पहचान की व्यवस्था होगी, 4जी नेटवर्क आधारित प्रणाली से कामकाज तेजी से हो सकेगा। मशीन में सिम कार्ड लगाने की सुविधा होगी।