डिग्री कॉलेज धर्मशाला की छात्रा की रैगिंग, अश्लील हरकतों और कथित मानसिक प्रताड़ना के बाद अस्पताल में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को पुलिस की दो टीमें जांच में जुटी रहीं। डीएसपी निशा कुमारी के नेतृत्व में एक टीम छात्रा के घर पहुंची, जहां उसके माता-पिता के बयान दर्ज किए गए। इसके साथ ही छात्रा के कमरे, बैग और अन्य निजी सामान की भी जांच की गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा के डिप्रेशन में जाने की मूल वजह क्या थी और क्या उसने कॉलेज में हुई घटनाओं का जिक्र किसी डायरी या कॉपी में किया था। पुलिस को उम्मीद है कि घर से कोई अहम सुराग मिल सकता है।