सरल स्वभाव की धनी थीं सिम्मी अग्निहोत्री
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में लोक प्रशासन विभाग में कार्यरत प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री सरल और सौम्य स्वभाव की धनी थीं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रेम विवाह किया था। सिम्मी अग्निहोत्री हमेशा पति के संघर्षों में कंधे से कंधा मिलाकर चलीं। 2003 में मुकेश अग्निहोत्री ने पत्रकारिता छोड़ पहली बार चुनाव लड़ने का फैसला लिया। पति के फैसले का समर्थन पत्नी ने किया। मुकेश अग्निहोत्री अब तक चुनाव जीतते आ रहे हैं। सिम्मी अग्निहोत्री ने पति के राजनीतिक कार्यक्रमों में भी भरपूर साथ निभाया। पत्नी की असमय मौत से पैदा हुआ शून्य आज भी मुकेश अग्निहोत्री भर नहीं सके हैं।
केंद्र 67 जल योजनाओं को स्वीकृति दे : मुकेश
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात कर जल जीवन मिशन के तहत जल शक्ति विभाग को तत्काल धनराशि जारी करने की मांग की। मुकेश ने बताया कि भारत सरकार की ओर से चालू वित्त वर्ष के लिए जल जीवन मिशन के तहत 916.53 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। अभी तक राज्य सरकार को केवल 137.48 करोड़ रुपये की राशि ही जारी की गई है। इसके परिणामस्वरूप काम प्रभावित हो रहा है। अग्निहोत्री ने मिशन की पहली और दूसरी किस्त जल्द जारी करने की मांग की ताकि योजनाओं को पूरा किया जा सके। बैठक में 517.16 करोड़ की लागत वाली 67 शीतकालीन जलापूर्ति योजनाओं (जीवंत ग्राम योजनाओं सहित) के क्रियान्वयन की अनुमति के मामले पर भी चर्चा की। इसके अलावा जनजातीय क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए योजनाओं को स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
पीएमकेएसवाई के तहत फीना सिंह परियोजना को वित्त पोषण के लिए शामिल करने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया तथा परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए 135 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने की मांग उठाई। 120.79 करोड़ रुपये की लागत वाली दो अन्य परियोजनाओं बीत क्षेत्र तथा कुटलैहड़ को भी स्वीकृति देने का अनुरोध किया। पाटिल ने आश्वासन दिया कि इन योजनाओं के लिए स्वीकृति पत्र तत्काल जारी कर दिए जाएंगे तथा शीघ्र ही धनराशि का आवंटन भी कर दिया जाएगा।