मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भुंतर हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर बनने से प्रदेश के युवाओं को भारतीय वायुसेना और नागरिक विमानन क्षेत्र में कॅरिअर बनाने के बेहतर अवसर मिलेंगे। 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस हैंगर से एयर एनसीसी कैडेट्स को विमानन संबंधी व्यावहारिक जानकारी, सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण और उड़ान संबंधी गतिविधियों में भाग लेने के अवसर मिलेंगे। वर्ष 1972 में हिमाचल प्रदेश में एयर एनसीसी की स्थापना के बाद कुल्लू में पहली बार इस तरह की समर्पित सुविधा स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को भुंतर हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के युवाओं को विमानन क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए देखना चाहती है।