भटियात विधानसभा क्षेत्र की 20 हजार महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये दिए जाएंगे
चुवाड़ी चौगान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आम परिवारों को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र की 20 हजार महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये दिए जाएंगे, जबकि 10 हजार परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा मिलेगी। कांग्रेस की गारंटियों को लागू करने की दिशा में ग्रामीण विकास विभाग ने पंचायत स्तर पर सर्वेक्षण करवाया है। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर करीब 1.80 लाख परिवारों को 300 यूनिट निशुल्क बिजली के लिए चिह्नित किया गया है। वहीं, करीब 2.50 लाख महिलाओं को मासिक वित्तीय सहायता देने की तैयारी है। योजना के तहत सहायता राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी और पात्र परिवारों को बिजली बिल में राहत दी जाएगी।
भाजपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने 75 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को 1,500 रुपये देने का वादा किया था। इसके बावजूद भाजपा के करीब 50 लोगों का समूह सोशल मीडिया पर गलत प्रचार कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार ने बिना पर्याप्त योजना के स्कूल खोल दिए, लेकिन बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों की भर्ती नहीं की। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश में 2,700 शिक्षकों की भर्ती की है।
भटियात में खोला जाएगा सिविल कोर्ट
मुख्यमंत्री ने चंबा के भटियात में सिविल कोर्ट खोलने की मांग को भी स्वीकार कर लिया है। इससे क्षेत्र के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं, सीएम ने कहा कि चुवाड़ी-चंबा सुरंग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए 4.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। डीपीआर तैयार होने के बाद आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।