मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में आगामी शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूलों में नैतिक शिक्षा की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इसका पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों की शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को काजा स्थित सीबीएसई स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और समस्याओं को सुना। विद्यार्थियों ने काजा स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने के लिए आभार जताया। संवाद के दौरान एक छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि स्कूल में 85 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं, इनमें से 46 छात्राएं छात्रावास में रहती हैं। छात्रावास में कुक, सफाई कर्मचारी और महिला वार्डन की कमी का मामला उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए छात्र, छात्राओं के अलग-अलग छात्रावास बनेंगे। शिक्षकों के लिए भी अलग आवासीय ब्लॉक तैयार किया जाएगा।