हिमाचल सरकार ने उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए मंगलवार को कॉलेजों की इंटरनल रैंकिंग जारी की। समग्र रैंकिंग में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर ने पहला और संजौली कॉलेज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। आरकेएमवी शिमला तीसरे स्थान पर रहा। राज्य सचिवालय में उच्च शिक्षा सुधारों पर आयोजित एक दिवसीय प्रधानाचार्य सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने शीर्ष रैंकिंग प्राप्त करने वाले कॉलेजों को एक-एक लाख रुपये के चेक देकर सम्मानित किया। टियर-एक श्रेणी में हमीरपुर कॉलेज ने पहला, संजौली कॉलेज ने दूसरा और आरकेएमवी शिमला ने तीसरा स्थान हासिल किया। टियर-दो में भोरंज कॉलेज पहले, सरस्वतीनगर (शिमला) दूसरे और सुन्नी कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। टियर-तीन में कफोटा कॉलेज ने बाजी मारी, जबकि दाड़लाघाट दूसरे और चैलचौक कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री ने सभी शीर्ष रैंक वाले कॉलेजों को सम्मानित किया और उन्हें एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश संस्कृत अकादमी का विक्रमी संवत कैलेंडर भी जारी किया और बिलासपुर, धर्मशाला तथा चौड़ा मैदान के राजकीय महाविद्यालयों की डिजिटल पहलों का वर्चुअल शुभारंभ किया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, शिक्षा सचिव राकेश कंवर, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा, राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. सर्बजोत सिंह बहल, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह और विभिन्न कॉलेजों के प्रधानाचार्य उपस्थित थे।