पर्यटन स्थल खज्जियार में साफ-सफाई करते स्थानीय युवा। स्त्रोत:जागरूक पाठक
खज्जियार झील, मैदान के इर्द-गिर्द समेत सड़क से एकत्रित कर रहे प्लास्टिक की बोतलें, रैपर
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने का स्थानीय युवाओं ने बीड़ा उठाया है। इसी क्रम में रोजाना युवा एकत्रित होकर पर्यटन स्थल खज्जियार स्थित झील के इर्द-गिर्द, मैदान समेत आस-पास की सड़कों पर पर्यटकों की ओर से फेंकी गई प्लास्टिक की बोतलें और रैपर बोरियों में एकत्रित कर रहे हैं। युवाओं का कहना है कि प्रकृति के कारण ही कई बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिला है, ऐसे में हर व्यक्ति का दायित्व बनता है कि वे इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
स्थानीय युवाओं में संजय कुमार, विनोद कुमार, अनिल कुमार, बंटी, विपिन, अभी, सुभाष, काकू, मनीष, विजय, नवीन और शामू ने बताया कि पर्यटन स्थल को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए वन्य प्राणी विभाग, पंचायत प्रबंधन की ओर से समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। ऐसे में स्थानीय युवाओं जिनका यहां से ही रोजगार चल रहा है उनका दायित्व बनता है कि वे इसमें अपनी भागीदारी भी सुनिश्चित करें। बताया कि रोजाना युवा वर्ग प्लास्टिक समेत पॉलिथीन के रैपर एकत्रित कर रहे हैं। कहा कि आगामी समय में युवाओं ने एक कमेटी बनाने का निर्णय लिया है, जिससे इस सोच को नई दिशा प्रदान की जा सके।