युवती के मामले में शिक्षक गिरफ्तार, पूछताछ और तलाश के बाद भी नहीं सुलझी गुत्थी
जेल से निकलने के बाद गांव में दो आपराधिक वारदातों को अंजाम देने का भी आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा पुलिस के सामने दो ऐसे मामले चुनौती बने हुए हैं, जिनमें लंबा समय बीतने के बाद भी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
एक ओर जेल से निकलकर गायब हुआ इब्राहिम करीब डेढ़ साल से पुलिस की पकड़ से बाहर है, दूसरी ओर बालू से लापता हुई 23 वर्षीय युवती का 11 महीने बाद भी पता नहीं चल पाया है। दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई और अब तक की जांच पर सवाल उठ रहे हैं।
अपनी ही भतीजी से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद इब्राहिम करीब डेढ़ वर्ष पहले पुलिस को चकमा देकर निकल गया था। इसके बाद उसके अपने गांव में जाकर दो आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की बात भी सामने आई। आरोप है कि उसने पीड़ित के घर पहुंचकर उसके दादा पर गोली चलाई। बावजूद इसके पुलिस अभी तक उसे पकड़ नहीं पाई है।
दूसरे मामले में बालू से 23 वर्षीय छात्रा 11 महीने पहले अचानक लापता हो गई थी। उसे आखिरी बार नूरपुर में एक शिक्षक के साथ देखा गया था। पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार किया और पूछताछ के दौरान उसके युवती के साथ संबंध होने की बात सामने आई। पुलिस ने शिक्षक से पूछताछ के साथ उसकी लोकेशन वाले संभावित स्थानों पर भी युवती की तलाश की। चमेरा जलाशय में गोताखोरों की मदद से भी खोज अभियान चलाया गया, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। इन दोनों मामलों में लंबा समय बीतने के बावजूद जांच किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि इब्राहिम को पकड़ने के लिए पुलिस सुनियोजित तरीके से कार्रवाई कर रही है। लापता युवती की तलाश के लिए भी हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।