चुराह (चंबा)। चुराह उपमंडल के चांजू-तृतीय पावर प्रोजेक्ट में कामगारों की हड़ताल 15 दिन बाद समाप्त हो गई है। कंपनी प्रबंधन और कामगार संघ के बीच वार्ता के बाद यह निर्णय लिया है। हड़ताल खत्म होने के बाद पावर प्रोजेक्ट में कामकाज फिर से शुरू हो गया है। प्रबंधन ने कामगारों की सभी प्रमुख मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। कामगारों ने वेतन वृद्धि, कार्यस्थल पर सुरक्षा सुविधाओं में सुधार और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर हड़ताल शुरू की थी।
हड़ताल के कारण पावर प्रोजेक्ट का काम पूरी तरह से ठप हो गया था, जिससे कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ा। कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक ने कहा हमने कामगारों की मांगों को गंभीरता से लिया है और उन्हें पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। हमारी प्राथमिकता कामगारों की सुरक्षा और संतुष्टि सुनिश्चित करना है। सीटू की जिला सचिव सुदेश ठाकुर प्रबंधन के आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यदि वादे समय पर पूरे नहीं किए गए तो वे आगे भी आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। इससे स्थानीय समुदाय और प्रोजेक्ट से जुड़े हितधारकों ने राहत की सांस ली है।