रूहणूकोठी पंचायत में नेटवर्क की दिक्कत से परेशानी, तकनीकी खामी दूर करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
धरवाला/सुल्तानपुर (चंबा)। ग्राम पंचायत रूहणूकोठी में वीबी-जी राम जी के तहत चल रहे कार्यों में फेस स्कैनिंग से उपस्थिति दर्ज करने में श्रमिकों को दिक्कतें आ रही हैं। दूरदराज के क्षेत्रों में कमजोर नेटवर्क और तकनीकी खामियों के कारण कई बार हाजिरी दर्ज नहीं हो पाती। इससे परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से ऑफलाइन मस्टररोल सहित वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध करवाने की मांग की है।
ग्रामीण अश्वनी कुमार, बृजलाल, रतन चंद, नीमो देवी, सूरज कुमार, श्याम लाल और मनोहर लाल ने बताया कि नेटवर्क कमजोर होने पर फेस स्कैनिंग के लिए बार-बार प्रयास करना पड़ता है। इससे समय बर्बाद होता है और उपस्थिति दर्ज करने में बाधा आती है। उन्होंने मांग की कि नेटवर्क न होने या तकनीकी खराबी की स्थिति में ऑफलाइन मस्टररोल से हाजिरी दर्ज करने का विकल्प दिया जाए, ताकि श्रमिकों का रिकॉर्ड प्रभावित न हो।
पंचायत प्रधान इंदिरा ठाकुर ने भी क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या होने की बात कही। उन्होंने बताया कि इसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की है।