मैहला पुल से जालपा माता मंदिर तक बिछेंगी इंटरलॉकिंग टाइलें, लंबे समय से रुका था निर्माण
सोशल मीडिया पर गबन के आरोपों के बीच ठप पड़ गया था विकास का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहला (चंबा)। सोशल मीडिया पर गबन के आरोपों को लेकर चर्चा में रहा मैहला पंचायत का इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाने का कार्य दोबारा शुरू हो गया है। उपायुक्त के निर्देशों के बाद निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत जताई है।
करीब 60 लाख रुपये की लागत से मैहला पुल से जालपा माता मंदिर तक रास्ते को टाइलों से संवारा जा रहा है।
पंचायत में यह कार्य लंबे समय से चल रहा था, लेकिन बीच में निर्माण रुकने से रास्ते का काम अधूरा रह गया। पंचायत प्रधान राधा देवी ने बताया कि कार्य में कोई गबन नहीं हुआ है। एसडीएम चंबा के आदेशों और सीवरेज कार्य के चलते निर्माण प्रभावित हुआ था। अब उपायुक्त के निर्देश मिलने के बाद काम फिर से शुरू करवा दिया गया है।
स्थानीय निवासी सन्नी चौणा, पंचम बट्टू, कार्तिकेय कटोच, कौशल शर्मा, धीरज शर्मा और दिनेश शर्मा ने बताया कि रास्ते की खराब हालत के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही थी। निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही बेहतर रास्ते की सुविधा मिलेगी। लोगों ने कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने की मांग भी की है।