खज्जियार (चंबा)। साच-फतेहपुर मार्ग पर सफर करना वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। आपदा के दौरान यहां भारी भूस्खलन हुआ था जिससे मार्ग जगह-जगह मलबे से ढक गया। लोक निर्माण विभाग ने मलबे को काटकर वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई लेकिन वाहन चालकों को वहां गाड़ी चलाना काफी मुश्किल हो रहा है। इसके लिए विभाग ने मलबे को हटाने के लिए पिछले माह जेसीबी मशीन भी लगाई थी। मशीन पिछले 20 दिनों से सड़क पर ही खड़ी रही, जब लोगों ने विभाग से उसके बारे में पूछा तो जवाब मिला कि ऑपरेटर बीमार है, उसके आते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। 20 दिन के बाद जब जेसीबी का ऑपरेटर लौटा तो लोगों को आस जगी कि सड़क से मलबा हटाने का कार्य अब युद्धस्तर पर शुरू होगा लेकिन ऑपरेटर जेसीबी को वहां से लेकर कहीं ओर चला गया। इसके चलते अब यह कार्य अधर में लटक गया है।
लोगों में विशाल, सुरेंद्र सिंह, अमर सिंह, केवल कुमार, रोशन लाल और मनोज कुमार ने बताया कि साच और पंजियारा के पास सड़क पर काफी मलबा है जो बारिश होने पर किसी अनहोनी घटना का कारण बन सकता है इसलिए इसे हटाना काफी जरूरी है। उन्होंने प्रशासन व विभाग से मांग की है कि इस मलबे को हटाने की उचित व्यवस्था की जाए। उधर, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि जल्द ही मलबे को हटाने के लिए मशीन भेजी जाएगी।