चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा का ईएनटी विभाग एक विशेषज्ञ के सहारे चलाया जा रहा है। ईएनटी विभाग में सात विशेषज्ञों के पद स्वीकृत हैं लेकिन सरकार व स्वास्थ्य विभाग इन पदों को भरने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। जिसकी वजह से मेडिकल कॉलेज में तैनात ईएनटी विशेषज्ञ को रोजाना ओपीडी में सौ से अधिक मरीजों की जांच करनी पड़ रही है। इसके साथ वार्ड में भर्ती मरीजों का राउंड व ईएनटी संबंधित ऑपरेशन भी करने पड़ रहे हैं। इतना ही नहीं मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का कोर्स कर रहे प्रशिक्षुओं की पढ़ाई भी करवानी पड़ रही है। ओपीडी में सेवाएं देने के बाद इमरजेंसी आने पर भी सेवाएं देनी पड़ती हैं। ईएनटी विभाग में अन्य विशेषज्ञों की तैनाती करवाने को लेकर सदर विधायक, उपायुक्त व मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन कोई नियुक्ति नहीं हो पाई है।
प्राचार्य डॉक्टर रमेश भारती ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में चल रही विशेषज्ञों की कमी के बारे में सरकार को सूचित कर दिया गया है। सरकार जल्द ही इस दिशा में उचित कदम उठाकर रिक्त पदों को भर सकती है।