चुराह के बनंतर पंचायत के सुदली गांव में आग लगने के बाद गौशाला।
- फोटो : Chamba
तीसा (चंबा)। चुराह के सुदला गांव में शनिवार रात को गोशाला में आग लगने से नौ मवेशी जिंदा जल गए। गोशाला घर से दूर होने की वजह से गांव का कोई भी घर आग की चपेट में नहीं आया। आग शनिवार देर रात को लगी। उस समय गोशाला का मालिक अपने घर में सोया हुआ था। देर रात को जब अचानक गोशाला में आग भड़की तो गांव के अन्य लोग वहां पहुंच गए। साथ ही गोशाला के मालिक को भी इसकी सूचना दी। गांव वालों ने गोशाला में लगी आग को बुझाने का भरसक प्रयास किया। आग को तो बुझा दिया गया लेकिन गोशाला के अंदर नौ मवेशियों को नहीं बचाया जा सका। गोशाला में आग की चपेट में आने से तीन गाय, दो बैल, दो भेडे़ं व दो खच्चरें जल गई।
गोशाला रणजीत सिंह निवासी गांव सुदला की थी। रविवार को घटना की सूचना पंचायत प्रधान ने संबंधित पटवारी को दी। पटवारी की ओर से नुकसान को लेकर एक रिपोर्ट बनाई जाएगी। जिसके आधार पर पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। इसको लेकर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि सुदला में गोशाला में आग लगने से नौ मवेशी मर गए। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।