चंबा शहर के साथ लगती एक पंचायत की रहने वाली विवाहिता ने अपने ससुराल पर दहेज मांगने और मारपीट करने की शिकायत उपायुक्त एम सुधा देवी से की है।
पीड़ित महिला अनीता देवी ने बताया कि उसका पति और उसका ससुर पिछले दो वर्षों से उससे दहेज की मांग करते आ चले हैं लेकिन इसमें असमर्थ होने की स्थिति में उसे लगातार शारीरिक और मानसिक शोषण सहन करना पड़ रहा है।
आलम यह है कि उसे घर में कैद करके रखा जाता है। उसे कई बार जान से मारने की धमकी भी दी जा चुका है। पीड़िता ने बताया कि उसके पति से उसे आठ नौ माह का बच्चा भी है। इसके पालन पोषण करने में भी उसका पति और ससुर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाते हैं। यहां तक की जब मारपीट और शोषण से तंग आकर अपने मायके चली गई तो उसका पति वहां आकर उसके मायके वालों को भला बुरा कहकर वहां से ले गया।
ऐसे में ससुराल पक्ष की ओर से किए जा रहे जुल्मों से उसकी जिंदगी नरक बनती जा रही है। इसके चलते शीघ्र इस समस्या को लेकर उचित कार्रवाई की जाए। उधर, उपायुक्त एम सुधा देवी ने इस मामले को लेकर जिला पुलिस को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।