चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी में महिला की संदिग्ध हालत में जलने से हुई मौत के बाद गिरफ्तार ससुर को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी ससुर को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
अब पुलिस आरोपी से मामले के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ है कि महिला की मौत मिट्टी का तेल छिड़क कर जलने से हुई थी। जिस दिन यह घटना हुई घर में पति और पत्नी दोनों अकेले ही थे। पत्नी पति के लिए चाय बना रही थी और इस दौरान महिला ने ससुर की बात छेड़ दी और विवाद बढ़ने पर पति मौके से चला गया।
इसके बाद गुस्से में आकर महिला ने पास ही रखे मिट्टी के तेल को खुद पर छिड़क लिया और आग लगा ली। इस बीच उसके पति व अन्य लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन महिला करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गई। महिला को गंभीर हालत में चुवाड़ी अस्पताल लाया गया जहां पुलिस ने उसके बयान भी दर्ज किए थे। इसके बाद महिला को टांडा ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
उधर, चुवाड़ी थाना प्रभारी जगरूप सिंह ने बताया कि महिला के ससुर से कड़ी पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में दोनों पक्षों से पुलिस छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर रखने का आदेश मिला है। इस रिमांड की अवधि के दौरान भी पुलिस कड़ी पूछताछ करेगी।