कबायली क्षेत्र पांगी में मां-बेटी ने मिलकर एक स्थानीय महिला की पिटाई कर दी है। इस वजह से पीड़ित महिला को काफी चोटें भी आई। यह मामला उस समय उजागर हुआ जब चोटिल महिला सेबी देवी पत्नी बलदेव राम गांव करोती पांगी अपनी शिकायत लेकर पांगी थाना पहुंची।
पीड़ित महिला ने बताया कि शाम के समय जब वह अपने घर के दैनिक कार्य में मशगूल थी तो वहां आकर जमना देवी और उसकी बेटी रीना निवासी करोती ने गाली गलौच करना शुरू कर दिया। इसका जब उसने विरोध किया तो दोनों मां-बेटी ने मिलकर उस पर लात और घूंसों की बरसात शुरू कर दी। जैसे-तैसे करके वह दोनों के चंगुल से छुटकर सुरक्षित स्थान तक पहुंच पाई।
उधर पीड़ित महिला के बयान पर पुलिस ने आरोपी मां-बेटी पर आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। इसकी पुष्टि करते हुए डीएसपी चंबा हेडक्वार्टर बीर बहादुर ने बताया कि मामला संगीन है जिसकी जांच चल रही है।