चंबा। खुद को कृषि विकास अधिकारी बताकर लोन दिलाने का झांसा देने वाली एक महिला ने सुल्तानपुर निवासी महिला सहित कई तीन दुकानदारों से हजारों रुपये की ठगी कर ली। आरोप है कि महिला ने लोन स्वीकृत करवाने का भरोसा देकर पैसे लिए और बाद में अचानक गायब हो गई। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शातिर महिला ने सुल्तानपुर की एक महिला से लोन दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये लिए। इसके अलावा उसने तीन अन्य दुकानदारों से भी अलग-अलग बहाने से पैसे ऐंठे। महिला ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया था कि उनका लोन 10 जून तक स्वीकृत हो जाएगा लेकिन तय तिथि से पहले ही वह चंबा से भाग गई।
जब लोन स्वीकृत होने संबंधी कोई जानकारी नहीं मिली और महिला से संपर्क भी नहीं हो पाया, तब पीड़ितों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई।
उधर, एसपी विजय सकलानी ने बताया कि लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है। महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।