पति ने युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के एक गांव में तीन बच्चों की मां अपने पति और परिवार को छोड़कर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। आरोप है कि महिला घर से सोने-चांदी के आभूषण और 85 हजार रुपये की नकदी भी साथ ले गई।
पीड़ित पति ने एक युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायत में पीड़ित इसराइल ने बताया कि रोजमर्रा की तरह ही वह 29 जुलाई को दिहाड़ी लगाने के बाद घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं मिली। बच्चों से पूछने पर पता चला कि वह घर से चली गई है। इसके बाद उसने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। लेकिन, पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। शिकायत में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी को लतीफ नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसने बताया कि बुधवार के बाद से उसकी पत्नी घर नहीं लौटी है। आरोप है कि जाते समय वह अपने साथ सोने का हार, बालियों की एक जोड़ी, सोने की चूड़ियों की एक जोड़ी, सोने की दो अंगूठियां, चांदी के दो चंद्रहार और 85 हजार रुपये नकद भी ले गई। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि पति की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला की तलाश के साथ-साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।