साहो (चंबा)। साहो क्षेत्र के चैटरुंड गांव में घास काटते समय खाई में गिरकर एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह वीना देवी (42) पत्नी देवी सिंह निवासी चैटरुंड अपने मवेशियों के लिए चारा इकट्ठा कर रही थी। इस दौरान उसका पांव फिसल गया और वह खाई में गिर गई। हादसे के समय महिला के परिजन भी पास ही थे, वे उसे बचाने के लिए खाई में उतरे और बेसुध अवस्था में महिला को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया।
मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमार्टम करवाया। उसके बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि परिजनों के मुताबिक महिला की मौत खाई में गिरने के कारण हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का भी मुआयना किया है। मामले की जांच की जा रही है।