चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते सुल्तानपुर वार्ड में एक महिला ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका की पहचान रोजी (36) पुत्री हरीश कुमार निवासी माई का बाग के रूप में हुई है। उसने शनिवार शाम को अपने कमरे में छत पर लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसका पता परिजनों को तब चला जब देर शाम उसके पिता अपने घर लौटे तो वहां उन्हें बेटी नजर नहीं आई।
जब वे उसके कमरे में गए तो अंदर से दरवाजा बंद था। इस पर उन्होंने अपने बेटे को भी वहां बुला लिया। जब उन्होंने खिड़की तोड़ अंदर प्रवेश किया तो कमरे में महिला फंदे पर लटकी हुई थी। फंदे से निकाल उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में पोस्ट मार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।