मवेशी चराकर लौट रही थी घर, पेट पर लात मारने से जमीन पर गिरी
तीसा पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। तीसा क्षेत्र में रास्ते से गुजरने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने कथित तौर पर एक महिला से मारपीट की। पीड़िता लीलो पत्नी प्रभदयाल निवासी गांव गलैण, डाकघर सनवाल ने पुलिस थाना तीसा में तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
शिकायत के अनुसार बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह घर से एक किलोमीटर दूर खेतों में मवेशियों को चराने गई थीं। शाम करीब 4:30 बजे वह मवेशियों को लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान बिलासो पत्नी बंसी लाल ने अपने घर के पास उनका रास्ता रोक लिया और वहां से गुजरने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने महिला से मारपीट शुरू कर दी। बिलासो का बेटा खेती राम भी बाहर आकर मारपीट करने लगा और महिला के पेट पर लात मार दी। इससे वह जमीन पर गिर गईं।
शिकायत के मुताबिक इसी दौरान अशरफ पुत्र मोहम्मद दीन भी वहां पहुंचा और उसने भी महिला के साथ मारपीट की। शोर सुनकर उनकी देवरानी खेलकू, खिम्मी और भतीजी चंपी देवी मौके पर पहुंचीं और उन्हें बचाया। इसके बाद पीड़ित पुलिस थाना तीसा पहुंचीं और शिकायत दर्ज करवाई। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।