चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में छह दिन बाद पेयजल आपूर्ति बहाल हो गई है। इससे मरीजों के साथ साथ तीमारदारों और स्टाफ ने भी राहत की सांस ली है। पेयजल आपूर्ति बाधित होने से मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था का आलम था।
इस वजह से कई ऑपरेशन टालने पड़े तो वहीं डेंटल ओपीडी में मरीजों की जांच भी नहीं हो रही थी। कुल मिलाकर छह दिनों तक मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गईं थी। पानी की सप्लाई बंद होने की शिकायत जब मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने आईपीएच विभाग से की तो विभागीय टीम ने मेडिकल कॉलेज के पेयजल भंडारण टैंक में सप्लाई की जांच की।
इसमें विभागीय सप्लाई दुरुस्त पाई गई। अस्पताल के भीतर लाइनों में खराबी आने के कारण यह समस्या पेश आई है। अस्पताल के भीतर बिछी पेयजल लाइन में आई खराबी को ठीक करने में छह दिन का समय लग गया। रविवार रात को अस्पताल में पानी की सप्लाई बहाल हो गई। पानी की सप्लाई बहाल होने पर मरीजों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली। उन्हें पीने का पानी लाने के लिए दर-बदर भटकना पड़ रहा था। मेडिकल कॉलेज में मरीजों के ऑपरेशन भी सुचारु होंगे। इस तरह की समस्या भविष्य में पेश न आए। इसके लिए प्रबंधन उचित कदम उठा रहा है।
इनसेट
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि पानी की सप्लाई बहाल हो चुकी है। अब मरीजों को पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। लाइन में आई खराबी को ठीक करवा दिया गया है।
आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में तीन नल ऐसे थे। जिनसे व्यर्थ पानी बह रहा था, इन नलों को बंद कर दिया गया है। विभाग की पेयजल सप्लाई में कोई खामी नहीं पाई गई है।