बनीखेत (चंबा)। ग्राम पंचायत पुखरी के बैकुंठनगर और पुखरी गांव में जल सकंट गहरा गया है। ग्रामीणों को पीने के पानी का जुगाड़ करने के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीण जलशक्ति विभाग से समस्या का हल करने के लिए कई बार गुहार लगा चुके हैं लेकिन, अभी तक समस्या का निदान नहीं हो पाया है। इसको लेकर ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है।
लोग पानी की आपूर्ति को लेकर जब भी विभाग के कर्मचारी को कहते हैं तो कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने की बात कहकर लोगों को टाल देता है। राजा चौहान, प्रदीप कुमार, वेद प्रकाश, पंकज टंडन, शिबू ठाकुर, विनोद बैरी, राजीव शर्मा, पंकज शर्मा, सुरेश शर्मा, संजीव कुमार और सुभाष शर्मा ने बताया कि पानी के लिए लोगों को परेशानी हो रही है। सरकार ने हर घर नल योजना से लोगों के घरों में नल तो लगा दिए हैं लेकिन उनमें पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। ऐसे में सरकार की योजना का लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि सरकारी अधिकारियों के घरों में रोजाना पानी की आपूर्ति की जा रही है लेकिन, आम लोगों के घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर ने बताया कि मेन पेयजल लाइन टूटने की वजह से दिक्कत हुई है, जिसे दुरुस्त करवा दिया गया है। अब गांव में पेयजल किल्लत नहीं होगी। इसके अलावा बैकुंठनगर में हैंडपंप में मोटर लगाकर शुरू कर दिया जाएगा।