सब्जी मंडी चंबा में सामाजिक दूरी के नियम तोड़कर खरीदारी व आवाजाही करते लोग।
- फोटो : Chamba
चंबा। शहर पहुंचते ही लोग कोरोना नियमों को दरकिनार कर रहे हैं। वीरवार को सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ इसका प्रत्यक्ष प्रमाण रही। लोगों की लापरवाही बड़े खतरे को न्योता देती दिखी। सब्जी मंडी में लोग बिना सामाजिक दूरी के खरीदारी करने में मशगूल रहे। वहीं, वीरवार को जिले के 180 रूटों पर सरकारी और निजी बसें चलने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि एक जुलाई से जिले के लोगों को इंटरस्टेट बस सेवाएं शुरू होने से आवाजाही में सहूलियत मिलने वाली है। इसके लिए एचआरटीसी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों को बसों में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रबंधन वर्कशॉप में बसों की मरम्मत संबंधी कार्य को अंजाम दे रहा है। वीरवार को जिले के 180 रूटों पर एचआरटीसी और निजी बसे चलीं। बसों में अन्य दिनों की अपेक्षा कम सवारियां देखने को मिली।
आरएम राजन जम्वाल ने कहा कि वीरवार को जिले के 60 रूटों पर एचआरटीसी की बसें चली। इंटरस्टेट सेवाएं शुरू करने के लिए एचआरटीसी प्रबंधन तैयारियों में जुट गया है। कहा कि बस स्टैंड से विभिन्न रूटों पर निकलने वाली बसों को सैनिटाइज कर ही भेजा जा रहा है।
निजी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रधान रवि महाजन ने कहा कि जिले के 120 रूटों पर निजी बसें चलाई गई हैं। इससे लोगों को राहत मिली है।