चंबा। पुराने बस स्टैंड के पास पेयजल पाइप लीक होने से पीने का पानी दिन भर व्यर्थ बहता रहा, लेकिन जल शक्ति विभाग का कर्मचारी कोई भी लीक हो रहे पाइप को ठीक करने के लिए नहीं पहुंचा।
गर्मी के मौसम में पानी की बूंद-बूंद कीमती मानी जाती है। ऐसे मौसम में इस प्रकार से सड़क पर पीने का पानी व्यर्थ बहना विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी की काफी किल्लत बढ़ जाती है। इसी तरह निचले इलाकों में पानी की किल्लत होने की संभावना रहती है। ऐसे में विभाग को इस प्रकार से लीक हो रहे पेयजल पाइपों को ठीक करवाने की व्यवस्था सुदृढ़ करनी चाहिए, जिससे पीने का पानी व्यर्थ में न बहे। जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता दीपक भारद्वाज ने बताया कि लीक हो रहे पाइपों को शीघ्र ठीक करवाया जाएगा। संवाद