क्षेत्रीय अस्पताल चंबा के भवन की दीवारों में पानी का रिसाव अस्पताल भवन को दीमक की भांति कमजोर कर रहा है।
क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा में जलापूर्ति संबंधी उचित व्यवस्था न होने से भवन में पानी की पाइन लाइन लीक कर रही है। जिससे रोजाना कई गैलन पानी क्षेत्रीय अस्पताल चंबा के फर्श से बह कर सीधे दीवारों को छेदता हुआ बाहर की ओर बहने लगता है। इस समस्या को अब काफी समय हो चुकी है लेकिन इसके निदान को लेकर उचित प्रयास न किए जाने से क्षेत्रीय अस्पताल चंबा का भवन जर्जर होता जा रहा है।
जाहिर सी बात है कि कई दशकों पहले बने इस भवन के निर्माण के प्रयोग लाई गई निर्माण सामग्री वाटर प्रूूफ तो होगी नहीं। ऐसे में चिकित्सालय प्रबंधन हर बार सफाई कमचारियों को आदेश देकर पानी को हटाने के निर्देश देता रहता है। जिससे समस्या का उचित निदान न होकर यह बढ़ती जा रही है। बुद्धिजीवी वर्ग में प्रमोद कुमार, चंद राम, प्रकाश चंद, चंदू राम, प्रेम लाल, अशोक कुमार, रोशन लाल और देवी प्रसाद का कहना है कि चंबा अस्पताल की दीवारों में पानी का रिसाव होने से मरीजों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। लिहाजा क्षेत्रीय अस्पताल चंबा के भर्ती वार्ड में पेश आ रही पानी की लीकेज की समस्या का शीघ्र निदान किया जाना आवश्यक है।
उधर, सीएमओ जीआर कौशल ने बताया कि अस्पताल के वार्डों की दीवारों में हो रहे पानी के रिसाव की समस्या का जल्द ही उचित हल कर दिया जाएगा।