चंबा। जिला प्रशासन के आदेशों के चलते धड़ोग वार्ड को पूरी तरह सील किया गया। रविवार देर रात धड़ोग मोहल्ले से कोरोना संक्रमित आए बुजुर्ग की कोई भी ट्रेवल हिस्ट्री न होने चलते प्रशासन ने एहतियातन ये पग बढ़ाया है। ऐसे में मोहल्ले की चार जगह पुलिस नाके लगा कर आवाजाही पर पूरी तरह से पाबंदी लग दी है। वार्ड को सील करने के बाद अब लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल सकेंगे। दवाई, खाद्य सामग्री, राशन व अन्य जरूरी सामान की आवश्यकता पड़ने पर लोग वार्ड पार्षद को फोन कर संपर्क करेंगे। जिसके बाद प्रशासन के पास पहुंचने वाली डिमांड के अनुरूप घर-द्वार ही सामान व अन्य जरूरी वस्तुएं पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
बताते चलें कि धड़ोग मोहल्ले में कोरोना संक्रमित आया बुजुर्ग प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के लिए पहेली बना हुआ है। बुजुर्ग की किसी प्रकार की कोई भी ट्रेवल हिस्ट्री न होना ही इसका मुख्य कारण है। ऐसे में प्रशासन ने एहतियातन इस वार्ड को सील किया। साथ ही पुराना बस स्टैंड, बारगाह के पास सहित मोहल्ले को आने वाली दो गलियों पर पुलिस का पहरा बिठा दिया है। प्रशासन ने साफ किया है कि सभी मोहल्लावासियों के सहयोग से ही ये कोरोना पर विजय पाई जा सकती है। इसके अलावा वार्ड के लोग जो शहर में रेहड़ी-फड़ी, दुकानें चलाते हैं और किसी कारणवश घर से बाहर निकले हैं वे भी घरों में लौट आएं और अपने सैंपल करवाएं।
एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने कहा कि धड़ोग वार्ड को सील कर दिया गया है। इसके अलावा वार्ड में चार जगह पुलिस पहरा बिठाया गया है। लोगों के घरों से बाहर निकलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी प्रकार की जरूरत व आवश्यक सामान के लिए वार्ड पार्षद से लोग संपर्क करें।