बनीखेत (चंबा)। पंचायत स्तर पर हर वार्ड मेंबर अपने वार्ड में नशे के खिलाफ अभियान चलाता है तो इससे प्रदेश में बढ़ रहे नशे के प्रचलन को रोका जा सकता है। वार्ड मेंबर को अपने वार्ड में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है। यदि उसे कोई ऐसी गतिविधि का पता चलता है जिसमें नशे के प्रचलन की बात सामने आ रही हो तो उसको लेकर तुरंत कड़े कदम उठाएं। ऐसा करके जहां वार्ड मेंबर अपने वार्ड को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करेगा तो वहीं अन्य वार्ड मेंबर भी ऐसा करके जिले को नशा मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
यह बात होम गार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह चौहड़िया ने प्रेस बयान जारी करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि नशे का प्रचलन रोकने में सबसे बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए सभी पंचायत प्रतिनिधियों को निष्पक्ष होकर कार्य करने की आवश्यकता है। युवा पीढ़ी को नशे के जाल में फंसने से बचाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की इसमें सक्रियता काफी आवश्यक है। वार्ड मेंबर को वार्ड में यदि कोई नशा करता हुआ दिखाई देता है तो उसे पंचायत की ग्रामसभा में बुलाकर समझाया जाए।