डलहौजी (चंबा)। विश्व विख्यात पर्यटन नगरी डलहौजी में अब विकास कार्य रफ्तार पकड़ेंगे। नगर परिषद डलहौजी की ओर से विजन डलहौजी के तहत प्रस्ताव तैयार किए हैं। इसमें शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के साथ पार्किंग का निर्माण होगा। इस प्रस्ताव केा स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार को भेजा गया है।
प्रस्ताव में नए बस स्टैंड के निर्माण सहित ओल्ड बस स्टैंड का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके अलावा पेट्रोल पंप से लेकर सिनेमा हॉल तक विजन डलहौजी के प्रस्ताव में शामिल है। सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में विकास कार्य रफ्तार पकड़ेगा।
जानकारी के अनुसार जिले में पर्यटन नगरी डलहौजी अपनी सुंदरता के लिए देश-विदेशों में विख्यात है। हालांकि यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इसके लिए नगर परिषद डलहौजी की ओर विजन डलहौजी के तहत एक प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत डलहौजी में अलग-अलग क्षेत्र के विकास कार्यों को शामिल किया गया है। इससे जहां डलहौजी की जनता को सुविधा मिलेगी तो वहीं, आने वाले पर्यटकों को भी डलहौजी का बदला स्वरूप दिखेगा। अब सरकार की स्वीकृति पर यह मामला टिका है। सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद तमाम विकास कार्य शुरू होंगे।
डलहौजी के विकास के लिए एक रोडमैप तैयार किया गया है। इसका नाम विजन डलहौजी है। यह प्रस्ताव सरकार की स्वीकृ़ति के लिए भेज दिया गया है। राखी कौशल, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद डलहौजी