चुराह (चंबा)। भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुई तीसा-गनेड़-बिहाली सड़क की बहाली मंगलवार को फिर से विवादों में फंस गई। जुंगरा पंचायत के ग्रामीणों ने बहाली कार्य रोक दिया और साफ कह दिया कि जब तक लोक निर्माण विभाग पक्के डंगे नहीं लगाएगा, तब तक सड़क खोलने नहीं दी जाएगी।
सुबह से शुरू हुआ यह विरोध शाम तक चलता रहा। मौके पर ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों के बीच लगातार बहसबाजी होती रही। जुंगरा पंचायत के प्रधान सुखदेव, बिहाली पंचायत के प्रधान रसीद मोहम्मद और खजुआ पंचायत की प्रधान पूजा देवी के अलावा बशीर मोहम्मद, अधिवक्ता मुकेश कुमार, मनोज कुमार और राहुल कुमार सहित कई ग्रामीणों ने प्रदर्शन में भाग लिया। उनका कहना था कि हर साल बरसात में सड़क टूटती है, लेकिन विभाग सिर्फ अस्थायी बहाली करता है, स्थायी समाधान यानी पक्के डंगे लगाने की पहल नहीं होती।
इस गतिरोध का खामियाजा पड़ोसी पंचायतों खजुआ और बिहाली की जनता भुगत रही है। करीब 17 दिन से बंद पड़े इस मार्ग ने हजारों ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच नहीं हो पा रही, दुकानों में राशन खत्म होने लगा है और मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मार्ग बहाल करने के लिए विभाग प्रयास कर रहा है, लेकिन ग्रामीणों की ओर से मार्ग खोलने नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीण डंगे लगाने की गुहार लगा रहे है। मार्ग खुलने के बाद डंगे लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। जोगिंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग