सिहुंता (चंबा)। ग्राम पंचायत छलाड़ा और सिहुंता में एक मादा भालू अपने दो बच्चों के साथ रिहायशी इलाकों में घुस आई है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि भालू के आने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर वे भयभीत हैं। सोमवार सुबह गांव के विपिन कुमार घास काटने गए थे। तभी भालू ने उन पर हमला किया। वह बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर भागने में सफल हुए।
एक सप्ताह पूर्व छलाड़ा गांव के मदन सिंह पर भी सुबह सड़क पार करते समय भालू ने हमला किया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में तीन नवंबर को संबंधित अधिकारियों से शिकायत दर्ज करवाई थी और चार नवंबर को वन विभाग के ध्यान में यह मुद्दा लाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीण ओंकार सिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प में भी शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने वन विभाग से आह्वान किया गया है कि भालू और उसके बच्चों को सुरक्षित ढंग से पकड़ कर किसी संरक्षित स्थल या चिड़ियाघर में पहुंचाया जाए।