अधिकारियों पर समस्या की अनदेखी का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। ग्राम पंचायत द्रम्मण के गांव द्रम्मण में बिजली की आंखमिचौनी से 50 विद्युत उपभोक्ताओं की दिक्कतें बढ़ गई हैं। आलम ये है कि जरा सी हवा चलने पर भी बिजली सप्लाई बंद पड़ जाती है। ग्रामीणों में रोष है कि कई बार विद्युत बोर्ड प्रबंधन के अधिकारियों-कर्मचारियों को समस्या के बारे में अवगत करवाया गया, बावजूद इसके अभी तक समस्या का हल नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बिलों की अदायगी न करने पर बिजली बोर्ड प्रबंधन अस्थायी तौर पर बिजली के कनेक्शन काटने को लेकर आदेश जारी कर देता है लेकिन, बिजली बंद होने और बिजली कट पर उसका उचित समाधान करने में बोर्ड प्रबंधन पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है।
ग्रामीणों अनिल कुमार, सोनू, विकास कुमार, अमित कुमार, विनोद कुमार, मीतू, बंटी आदि ने बताया कि द्रम्मण गांव के लिए बिजली की लाइन में अक्सर फाल्ट आता रहता है। हैरत की बात है कि बिजली बोर्ड के कर्मी इस समस्या को तलाश कर उसका समाधान नहीं कर पाए हैं। बुधवार को भी बारिश और तेज हवा में बिजली की आंखमिचौनी जारी रही। इससे ग्रामीणों विशेषकर गृहणियों और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन से ग्रामीणों को बिजली की आंखमिचौनी से छुटकारा दिलवाने की मांग की है। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। समस्या का समाधान करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।