चंबा। शहर के साथ गलती ग्राम पंचायत करियां में निजी मकान के निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जा रहा सरकारी सीमेंट पकड़ा है। मामले की सूचना मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने निरीक्षण किया और अमूमन 14 बैग सरकारी सीमेंट के बरामद किए। विजिलेंस टीम ने यह मामला पुलिस महकमे को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी की पहचान देश राज गांव गुआं डाकघर सुनारा तहसील और जिला चंबा के रूप में हुई। पुलिस अब इस पड़ताल में जुट गई है कि आखिरकार इस व्यक्ति को सरकारी सीमेंट कहां से मिला। विजिलेंस टीम को गुप्त सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति ने अपने घर का निर्माण कार्य शुरू कर रखा है और इसमें सरकारी सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। मामले की सूचना मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाई। योजनाबद्ध तरीके से टीम ने व्यक्ति के निर्माणाधीन मकान में दबिश दी जहां अमूमन 14 सीमेंट के बैग के पाए गए। इन पर नॉट फॉर सेल और सरकारी आपूर्ति बैग लिखा है।
विजिलेंस विभाग के एएसपी अभिमन्यु वर्मा का कहना है कि सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। मुख्यालय में आईओ अधिकारी न होने के कारण पुलिस विभाग को यह मामला सौंपा गया है। कहा कि करीब 14 बैग सीमेंट के बरामद किए गए हैं। एसपी अभिषेक यादव ने खबर की पुष्टि की है। बताया कि इस तरह का मामला सामने आया है। कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।