चुवाड़ी बस अड्डे से कुठेड़ तक सफर खतरनाक
सड़क से उखड़ी तारकोल, जगह-जगह हुए गड्ढे
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। चुवाडी बस अड्डे से लेकर एसडीएम आवास कुठेड़ तक आवाजाही करना खतरे से खाली नहीं है। डेढ़ किमी तक सड़क इतनी खस्ताहाल है कि कभी भी हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क से तारकोल उखड़ चुकी है जिस कारण सड़क काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इतना ही नहीं, सड़क किनारे बनीं नालियों के पास जलशक्ति विभाग ने पाइप लाइनें खुले में डाल दी है जो हादसे को न्योता दे रही है।
अनिल कुमार, संजीव, रविंद्र शर्मा, विशाल, मनजीत, रमेश, अभिनय रैना, कमल आदि का कहना है कि लगभग डेढ़ साल पहले एक दूरसंचार कंपनी ने अपनी केबल तार सड़क पर बिछाई थी, जिसके चलते सड़क की खोदाई बस स्टैंड से लेकर कुठेड़ तक की हुई थी। तब से लेकर आज दिन तक सड़क पर लोक निर्माण विभाग ने तारकोल नहीं बिछाई है। कहा कि डिग्री कॉलेज, पीडब्ल्यूडी, एसडीएम आवास सहित विभिन्न कार्यालय के लिए यही एकमात्र रास्ता है जहां से सभी अधिकारी आवाजाही करते हैं लेकिन, लोक निर्माण विभाग ने सड़क की सुध नहीं ली है। इससे ऐसा लगता है कि विभाग किसी बड़ी दुर्घटना के इंतजार में है। साथ ही सड़क भी काफी छोटी है जहां पर दूसरी गाड़ी को पास देना मुश्किल हो जाता है।
सड़क से तारकोल उखड़ चुकी है। ऐसे में आवाजाही करना जोखिम भरा है। इतना ही नहीं, सड़क पर हुए गड्ढे पानी से भी भर जाते हैं। विभाग जल्द इस सड़क की सुध ले। -अभिनय रैना
लगभग डेढ़ साल पहले इस सड़क पर केबल पर बिछाई गई है। उसके बाद आज दिन तक तारकोल नहीं बिछाई गई। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों और चालकों को भुगतना पड़ रहा है। -अजय चबियाल
हैरानी की बात है कि इसी खस्ताहाल सड़क से सभी अधिकारी भी आवाजाही करते हैं लेकिन आज दिन तक इस सड़क की दशा को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। संजीव
सड़क तंग होने के कारण इस पर सफर करना जोखिमभरा हो गया है। दूसरी तरफ से अगर कोई वाहन आ जाए तो उसको पास देना मुश्किल हो जाता है। विभाग से मांग है कि सड़क की सुध ली जाए।- विशाल कुमार
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विवेक कुमार का कहना है कि मामला ध्यान में है। चुवाड़ी बस स्टैंड से लेकर एसडीएम आवास तक सड़क की मरम्मत के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।