रजेरा में अपग्रेड किया जाएगा पशु चिकित्सालय
दो पंचायतों की 2500 की आबादी को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ग्राम पंचायत रजेरा में पशु चिकित्सालय को अपग्रेड करने की योजना है। इसको लेकर पशुपालन विभाग चंबा की ओर से सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। दरअसल, स्थानीय लोगों ने रजेरा में पशु औषधालय को अपग्रेड करने की मांग की है। इसको लेकर पंचायत प्रतिनिधि की ओर से पशुपालन विभाग को प्रस्ताव सौंपा गया। पंचायत में पशुओं के बीमार होने पर पशुपालकों को चंबा का रुख करना पड़ता है। पशु चिकित्सालय को अपग्रेड किया जाता है तो रजेरा और बैली पंचायतों की लगभग 2500 आबादी को लाभ मिलेगा।
जिले में लगभग 25 पशु चिकित्सालय हैं। इसके अलावा 176 पशु औषधालय हैं। पशुपालन विभाग चंबा के उपनिदेशक डॉ. मुंशी का कहना है कि रजेरा पशु चिकित्सालय को अपग्रेड की योजना है। इसका प्रस्ताव उच्चाधिकारी को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर यह योजना सिरे चढ़ सकती है।