जिले में अभी भी बंद हैं 10 मार्ग, धूप खिलने पर पीडब्ल्यूडी ने बहाल कर दीं सड़कें
ठप पड़ीं 16 पेयजल योजनाएं भी बहाल, ग्रामीण क्षेत्रों में ठप हो गई थी पानी की आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में पिछले दिनों हुई बारिश के कारण अवरुद्ध 74 में से 64 मार्गों को बुधवार को बहाल कर दिया गया। धूप खिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़कों को खोलने का काम तेज किया। इससे इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। जिले में अभी दस मार्ग बंद हैं जिन्हें बहाल करने के लिए विभागीय मशीनरी जुटी है।
भटियात क्षेत्र में सबसे अधिक छह मार्ग अभी भी बंद हैं। अन्य क्षेत्रों में भी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित मार्गों को खोलने का काम जारी है। बारिश के कारण पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई थीं। जिले में ठप 16 पेयजल योजनाओं को अब बहाल कर दिया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारु होने लगी है। लगातार बारिश के कारण सड़क और पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। मौसम साफ होने के बाद विभागों ने राहत कार्यों में तेजी लाई है। वहीं, धूप खिलने के बाद लोगों ने भी अपने खेतों में मक्की की फसल की देखरेख की।
गौरतलब है कि गत दिनों जिला भर में भारी बारिश का दौर दोपहर तक जारी रहा। इससे जहां मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई तो दूसरी तरफ जल संकट भी गहरा गया। बुधवार को लगभग सभी प्रभावित व्यवस्थाएं बहाल हो गई हैं। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि व्यवस्था बहाली का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ रहने से तेजी से कार्य हुए। उन्होंने लोगों से आह्वान कि है कि भूस्खलन ग्रसित क्षेत्रों से सावधानी पूर्वक लोग आवाजाही करें।