भरमौर (चंबा)। हड़सर-बलमुही मार्ग पर वाहन दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार (38) पुत्र जगदीश चंद निवासी गांव एवं डाकघर हड़सर के रूप में हुई है। जो कि शनिवार रात करीब 10:00 बजे सूमो गाड़ी में जा रहा था।
इस दौरान बलमुही के पास अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर बुड्ढल खड्ड में जा गिरी। हादसे के दौरान गाड़ी में सिर्फ चालक ही मौजूद था। गाड़ी को नदी में गिरता देख वहां से गुजरने वाले अन्य राहगीर मदद के लिए पहुंच गए।
उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को भी दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने खाई में उतरकर चालक को निकाला, लेकिन इससे पहले कि उसे अस्पताल पहुंचाया जा सकता। गहरे जख्मों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए अपने कब्जे में ले लिया। रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि वाहन दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।