जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने कार्रवाई करते हुए बालू सब्जी मंडल से सब्जी जब्त करके उसे नीलाम कर दिया।
विभाग ने यह कार्रवाई सब्जी दुकानदारों द्वारा दुकानों में मूल्य सूची न लगाने के एवज में की है। इस बारे विभाग ने पहले भी दुकानदारों को लिखित रूप से मूल्य सूची लगाने की हिदायत जारी कर दी थी। लेकिन सब्जी विक्रेताओं ने मनमानी करते हुए विभाग के निर्देशों को नहीं माना। फलस्वरूप मंगलवार को डीएफएससी मोहन लाल की अगुवाई में खाद्य निरीक्षक अजय ने कार्रवाई करते हुए उल्लंघन करने वाले दुकानदारों की दुकान में रखी में लगभग चार क्विंटल सब्जी जब्त की। जिसे बाद में विभाग ने लगभग 11,255 रुपये में नीलाम कर दिया।
इस मौके पर विभाग ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से चेता दिया है कि अगर भविष्य में इस तरह की अनियमितता की जाती है तो विभाग कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने में गुरेज नहीं करेगा। गौरतलब है कि इन दिनों सब्जी विक्रेताओं का धंधा सातवें आसमान को छू रहा है। बावजूद इसके कुछेक मुनाफाखोर सब्जी बिक्रेता अपनी दुकानों में सब्जियों के मूल्य की सूची नहीं लगा रहे हैं। जिससे ग्राहकों चूना लगने के साथ काफी परेशानी भी हो रही है तो ग्राहक मोल भाव भी नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में जिला खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक विभाग ने कार्रवाई करके उक्त दुकानदारों को मनमानी करने की सजा दी है।
दुकानदारों को लगानी होगी उचित मूल्य की सूची
डीएफएससी चंबा मोहन लाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दुकानदारों को मूल्य सूची लगाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन उनमें से किसी ने भी मूल्य सूची दुकानों पर नहीं लगाई। लिहाजा विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इस प्रक्रिया का अंजाम दिया है।