चंबा के भरमौर में खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान उंची कूद लगाता खिलाड़ी।संवाद
भरमौर (चंबा)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से विकास खंड भरमौर के संचूई में दो दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें 800 मीटर की दौड़ में वरुण शर्मा ने सबसे तेज दौड़ लगाकर पहला स्थान प्राप्त किया। साथ ही ऋषव ने दूसरा और प्रवीण ठाकुर ने तीसरा स्थान पाया।
समापन समारोह में तहसील कल्याण अधिकारी विकास पखरेटिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। राष्ट्रीय स्वयंसेवी मनीष ठाकुर ने उन्हें बैच और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वयंसेवी मनीष ठाकुर ने बताया कि इस दौरान वॉलीबाल का फाइनल मुकाबला खणी और संचूई के मध्य खेला गया। इसमें खणी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संचूई की टीम को हराया।
ऊंची कूद में तरुण ने प्रथम, निखिल ने द्वितीय और शुभम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में वरुण शर्मा प्रथम, कार्तिक द्वितीय और आर्यन ने तृतीय स्थान पाया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के विजेताओं क़ो पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि नशे से दूर रहकर खेलकूद जैसी गतिविधियों में युवाओं को अपनी रुचि बढ़ानी चाहिए। इससे न केवल उनका भविष्य उज्ज्वल बनेगा बल्कि वे खुद को बीमारी से बचा सकेंगे।