खुशनगरी बाजार स्थित भीषण अग्निकांड के बाद जला सामान। संवाद
तीसा (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत खुशनगरी बाजार स्थित बर्तन की दुकान और टी स्टाल सोमवार मध्यरात्रि भीषण अग्निकांड की भेंट चढ़ गए। अग्निकांड में प्रभावित को दो लाख का नुकसान हुआ है। पीड़ित की पहचान प्यारदीन पुत्र नबिया गांव ब्लूटी ग्राम पंचायत गुवाड़ी के रूप में हुई है। दुकान से उठने वाली धुएं और आग की लपटों को ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बुझाने के भरसक प्रयास किए लेकिन, प्रचंड आग की लपटों ने देखते ही देखते दुकान और टी स्टाल के भीतर रखा सारा समान जलाकर राख कर दिया। सूचना मिलने के बाद उपमंडलाधिकारी नागरिक चुराह के आदेशानुसार राजस्व विभाग की ओर से क्षेत्रीय पटवारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का दौरा कर अपनी रिपोर्ट तैयार की। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्यारदीन रोजमर्रा की तरह सोमवार शाम को अपनी बर्तन की दुकान और टी स्टाल को बंद कर अपने घर सोने के लिए चले गए। देररात अमूमन अचानक उनकी बर्तन की दुकान और टी स्टाल में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद उठने वाले धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत प्रभावित प्यारदीन को सूचित किया। साथ ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। इतनी देर में प्रभावित भी मौके पर पहुंच गया। दुकान के भीतर रखे सामान से आग की लपटें उठने लगीं। जैसे-तैसे कर ग्रामीणों ने हिम्मत कर दुकान का शटर खोल कर देखा तो उसके भीतर रखा सारा सामान जल रहा था। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बाल्टियों में पानी भरकर, मिट्टी और रेत के जरिये दुकान के भीतर लगी आग को बुझाने के प्रयास आरंभ कर दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डाल कर दुकान के भीतर रखे गैस सिलिंडर को बाहर निकाल कर सुरक्षित जगह पर फेंक दिया। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया जिस कारण दुकान के भीतर रखा सारा सामान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
उपमंडलाधिकारी चुराह शशी पाल शर्मा ने बताया कि खुशनगरी बाजार के साथ स्थित एक बर्तन की दुकान और टी स्टाल भीषण अग्निकांड की भेंट चढ़ गए। इससे प्रभावित को अमूमन दो लाख का नुकसान हुआ है। बताया कि क्षेत्रीय पटवारी को मौके पर भेजकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करवाई जा रही है। रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।